लखनऊ (शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025) — अक्तूबर अपने तीसरे सप्ताह में है, लेकिन राजधानी लखनऊ में दिन की उमस भरी गर्मी अब भी कम नहीं हुई है। लोग सुबह की ठंडी हवा की उम्मीद करते हैं, लेकिन दोपहर तक तपिश और नमी दोनों मिलकर मौसम को असहज बना देते हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि आने वाले तीन से चार दिनों तक मौसम में बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। दिन के तापमान में फिलहाल राहत नहीं है, लेकिन रात के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उन्होंने बताया, “वर्तमान परिस्थितियों में दिन का तापमान स्थिर रहेगा, जबकि रात में रेडिएटिव कूलिंग (विकिरणीय शीतलन) के असर से तापमान 3 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है।”
गुरुवार को भी पूरे दिन तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। हवा में नमी अधिक रहने से उमस का स्तर ऊंचा रहा। दिन में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक रहा। दिन की गर्माहट और रात की हल्की ठंड के बीच मौसम अब “मिश्रित मूड” में है — न पूरी गर्मी, न पूरी राहत।
प्रदेश के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 29 अक्टूबर के आसपास वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली और पूर्वी-दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
विभाग का कहना है कि 24 अक्टूबर से पूर्वा हवाओं का असर मद्धिम पड़ेगा, जिससे रातों में ठंडक बढ़ेगी, लेकिन दिन के तापमान में फिलहाल कोई विशेष गिरावट नहीं दिखेगी। तराई इलाकों में बादलों की आवा-जाही जारी रहेगी, जबकि बाकी प्रदेश में तेज धूप और हल्की गर्मी का दौर बना रहेगा।
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि यह मौसम बदलाव का संक्रमण काल है। “दोपहर की उमस और रात की ठंड — यही संकेत हैं कि सर्दी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है,” उन्होंने कहा।









